Tuesday, 22 March 2016

होली 2016

तेरे रंग मे ही खुद को रंग लूँ
तेरी यादों को मै अपने संग लूँ ।
दो चुटकी गुलाल की लाली
तेरे माथे पर आजा मै भर दूँ ।

तेरे नयनों का नीला अम्बर
अधरों पर आभास गुलाबी
श्वेत वर्ण की अनुपम रचना
संदेह मात्र भी नही खराबी

हर रंग छुआ मेरे चित्तपटल ने
इन प्यार के रंगों से मै दंग हूँ ।
बिन तेरे होली कैसे होगी अब
भीतर ही भीतर इस बात से तंग हूँ ।

तेरे रंग मे ही खुद को रंग लूँ ।
तेरी यादों को मै अपने संग लूँ ।।

कविराज तरुण

Sunday, 6 March 2016

विजय स्वर

विजय-स्वर

मत रोको ... उड़ने दो ।
सपनों को ... दीवानों को ।
पथ पर पत्थर पड़ने दो ,
आने दो तूफानों को ।

माना असहज मन का कोना
माना अनीति का वार प्रबल
माना तम का है अनंत द्वार
पर इन आँखों मे है ज्वाल प्रजल
माना विस्मित अल्हड़ गान
माना कुंठित है स्वाभिमान
माना प्रश्नों के तीर अनंत
भीतर बैठे हैं जो नर भुजंग
है विष में इनके शक्ति अपार
माना डसने को खड़े तैयार
पर सत्य को कैसा भ्रांतिमान
वीरों की धरती आसमान

मत चौको ... बढ़ने दो ।
उम्मीदों को ... अरमानों को ।
शूल को थोड़ा चुभने दो ।
जलने दो परवानों को ।

कविराज तरुण

Tuesday, 16 February 2016

देशद्रोही

देशद्रोही

खेद है अपनी इस काव्य अभिव्यक्ति पर
जो लिखनी पड़ रही है देशद्रोही शक्ति पर
मेरी सम्मत में देशद्रोह चर्चा का विषय नही
जो देशद्रोही है उसका मृत्यु ही विकल्प सही

पर...

असहिष्णुता पर ताल पीटने वाले सब ध्यानी कहाँ है ?
पुरस्कार वापस करने वाले सब ग्यानी कहाँ हैं ?
इन देशविरोधी नारों की आवाज़ उनको आती नही
अरे ये देश है नादानों ... कोई धर्म या जाति नही

अब क्यों मुखस्वरो पर अकिंचन मौन प्रस्तुत
बोलने की सामर्थ्य है फिर रोड़ा कौन प्रस्तुत
या सियासत ने कलम को बाध्य साबित कर दिया है
या सियासत को कलम ने साध्य साबित कर लिया है

पर...

माँ भारती के विरोध मे वाणी मुखरित करने वालों
सभ्यता का पाठ अपने भाल मस्तक पर उतारो
राजनेता सेक लेंगे रोटियाँ हर बात मे
लेकिन तुम्हे रखना पड़ेगा जिह्वा को औकात मे

पक्ष और विपक्ष के तुम अधिनायक हो भले
पर देशभक्ति का कोई सूरमा ज्यूँ ही मिले
रक्तरंजित दृष्टि वाला दम ठोकता अपनी छातियों का
तो समझना अंत आया तेरा और इन साथियो का

फिर न हिन्दू सिख ईसाई या मुसलमान होगा ...
देशद्रोही का सिर्फ और सिर्फ कत्लेआम होगा ...

कविराज तरुण

Friday, 22 January 2016

प्रेमगीत

प्रेमगीत

मै जोगी तेरा मै रोगी तेरा
मै तेरा मनमीत सदा ।
लिखता जाऊँ चित्त पटल पर
तेरे सुन्दर गीत सदा ।
मै हूँ दीवाना मै परवाना
मन में तेरी प्रीत सदा ।
मन दर्पण के हर बिम्ब मात्र में
तेरे चेहरे की आकृति सदा ।

स्वप्न सुधा के साथ तेरे
वो बीते क्षण आज मेरे
तुमको पास बुलाते हैं ।
एक मीठी आस जगाते हैं ।
वर्षा से हर्षित मयूर खग
अरुणोदय से उज्जवल ये जग
तेरे चेहरे की याद दिलाते हैं ।
मुझे आकर्षित कर जाते हैं ।
पुष्प पर अल्हड़ भँवर गान
तितली का सतरंगी विमान
तेरी चंचल छवि दिखाते हैं ।
हमे आनन्दित कर जाते हैं ।
शीतल थाप पवन की लेकर
महकती भाप उपवन की लेकर
हम तेरी बातो में खो जाते हैं ।
और बस मंद मंद मुस्काते हैं ।
ओस में भीगा विपुल पात
उजियारे की ये दिव्य रात
सिरहन सी कर जाते हैं ।
हम उस चंदा से नैन मिलाते हैं ।

मै प्रेमी सावन का प्यासा
तू कजरी का है संगीत सदा ।
इन स्वासों को ठंडक देने वाली
तू पर्वत की मोहक शीत सदा ।
हारा हूँ दुनियां की रश्मो से
पर प्यार तेरा है मेरी जीत सदा ।
मै जोगी तेरा मै रोगी तेरा
मै तेरा मनमीत सदा ।

कविराज तरुण

Tuesday, 19 January 2016

मोहब्बत की नही जाती

मोहब्बत की नही जाती

खिफायत के जमाने में मोहब्बत की नहीं जाती ।
वाट्सएप के संदेशो में ख़त सी खुशबू नही आती ।
आशिक़ो का ज़माना नेटवर्क के करम पर है।
सिग्नल जब नही आते तो नींदे भी नही आती ।
चल जाता है सारा काम अब GN और SD से ।
मिलने की नही फुरसत pic भेजी है hd से ।
काम पहली मुलाकात में गुलाबो से नही चलता ।
एप्पल के बिना अब कोई लड़की मिलने नही आती ।
मै तंग हूँ इन डेटिंग ऑनलाइन वालो से ।
ये ऐसा दौर आया है बगावत की नही जाती ।
खिफायत के जमाने में मोहब्बत की नहीं जाती ।
वाट्सएप के संदेशो में ख़त सी खुशबू नही आती ।

कविराज तरुण

Monday, 18 January 2016

शर्मिंदा हूँ

शर्मिंदा हूँ इस बात से
तू आज भी मेरा प्यार है ।
तेरी एक ख़ुशी के लिए
कुर्बान गम हज़ार हैं ।
शर्मिंदा हूँ इस बात से
तुझसे ही मेरी बहार है ।
तेरी एक झलक के लिए
नींद आँखों को नागवार हैं ।
शर्मिंदा हूँ इस बात से
तू इस दिल का ज़मीदार है ।
जीने के लिए मरने के लिए
साँसों को तेरा इन्तेज़ार है ।

कविराज तरुण

खंडित इंसान

खंडित इंसान

मुझको मेरा पर्याय दो
ज्ञान नही तो राय दो
खंडित वर्गित बंटा हूँ कबसे
इतिहास का वो अध्याय दो

पहले धर्म की धार चली
जाति चली नर नारि चली
उम्र का फिर व्यवधान मिला
काले गोरे का ज्ञान मिला
जो धनी है उसको मान मिला
खाली को अपमान मिला
जो बंट न सका हैवानो से
उसे क्षेत्रवाद का पैगाम मिला

दे सको तो ऐसा न्याय दो
भाषा से मुक्त संप्रदाय दो
इंसानो का अभिप्राय दो
मुझको मेरा पर्याय दो

कविराज तरुण

Friday, 15 January 2016

हो गया है

मन अब कमजोर सा हो गया है
राग रंग एक शोर सा हो गया है
वो भूले मुझे और भूलते ही गये
हाल मेरा गुजरे दौर सा हो गया है ।

किसी कोने में दिल के तू रह गई
जैसे बचपन मे सुनी कहानी कोई
थक गया रात भर मै जाग कर
सूरज बिना भोर का हो गया है ।

मन अब कमजोर सा हो गया है ।।

मेरी बातें तुझे याद आती नही
मेरी फ़रियाद खुदा तक जाती नही
खुद से ख़फ़ा रहूँ मै बेवज़ह
कदमो से ओझल ठौर सा हो गया है ।

चेहरे की रंगत सिलवट मे सिमटी
मेरी हसरते तेरी आहट से लिपटी
जो हो ना सकेगा ऐसी चाहत मे जीवन
सावन के अंधे मोर सा हो गया है ।

मन अब कमजोर सा हो गया है ।।

कविराज तरुण

Saturday, 9 January 2016

ज़रा ज़रा सा इश्क़

कुछ खाली खाली सा
कुछ भरा भरा सा है ।
इस मन को इश्क़ का ये
अहसास ज़रा ज़रा सा है ।

तुम शर्मा के देखो
मै घबरा के देखूँ ।
ये लुका छिपी का खेल
लगे कुछ नया नया सा है ।

तेरी बाते मीठी मीठी सी
ये रातें फीकी फीकी सी ।
ये स्वाद मोहब्बत का
कुछ खरा खरा सा है ।

मेरा ना मे हाँ करना
तेरा हाँ में ना करना ।
मेरी आँखें खुद पढ़ ले
इसमें सब धरा धरा सा है ।

कुछ खाली खाली सा
कुछ भरा भरा सा है ।
इस मन को इश्क़ का ये
अहसास ज़रा ज़रा सा है ।

कविराज तरुण

हमारी अधूरी कहानी

न छीना मैंने कुछ न उसने कुछ पाया
दो कदम मोहब्बत के चलने में वो घबराया
मेरे घर में भी बंदिश थी रश्मो के हवालों से
मै भी डर सकता था लोगों के सवालों से
कुछ अपने मेरे भी नाराज बहुत होते
कुछ पल जीवन के यूँही अनबन में खोते
घर छोड़ के जाने को कबसे मै राज़ी था
दूल्हा दुल्हन खुश रहते क्या करना क़ाज़ी का
पर तुमने न जाने क्यों चुप्पी नही तोड़ी
अपनी प्रेमकहानी का एक लफ्ज़ नही बोली
न मुझसे कहा ही कुछ न खुद को समझाया
दो कदम मोहब्बत के चलने में वो घबराया

कविराज तरुण

Friday, 8 January 2016

खामोश सज़ा

एक उम्र मोहब्बत की जो तुमसे रज़ा होती ।
फिर मेरी ज़िन्दगी न खामोश सज़ा होती ।।

जो ज़िक्र फकीरो का कभी हमने सुना होता ।
बेशक इन साँसों ने न तुमको चुना होता ।
इस दर्द की स्याही की जो एक छींट पड़ी होती ।
न मै ही ख़फ़ा रहता न तुम ही ख़फ़ा होती ।

एक उम्र मोहब्बत की जो तुमसे रज़ा होती ।
फिर मेरी ज़िन्दगी न खामोश सज़ा होती ।।

मेरे ज़हन के लफ़्ज़ों ने जो तुमको छुआ होता ।
मुमकिन है कि गलती का तुमको अहसास हुआ होता ।
गर प्यार के मालिक ने की कबूल दुआ होती ।
तो मेरी खुशियों की न तासीर धुँआ होती ।

एक उम्र मोहब्बत की जो तुमसे रज़ा होती ।
फिर मेरी ज़िन्दगी न खामोश सज़ा होती ।।

वीराने की दस्तक को पहचान गया होता ।
दहलीज़ पे तेरी मै वापस न गया होता ।
जीने की अपनी फिर एक ख़ास अदा होती ।
महफ़िल में सितारो सी धाक जमा होती ।

एक उम्र मोहब्बत की जो तुमसे रज़ा होती ।
फिर मेरी ज़िन्दगी न खामोश सज़ा होती ।।

कविराज तरुण

Wednesday, 6 January 2016

वात पत्र

वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान
तेरी याद का होने लगा इसमे आगमन प्रस्थान
पर अकिंचित मन तेरा है आज भी अंजान
वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान ।

झीनी झीनी पुष्प जैसी तेरी स्वरांजली
भीनी भीनी ऋतु मे क्रीडा करती तरु मंजरी
धीमे धीमे तू बनी इन अधरों की मुस्कान
वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान ।

सत्य से हूँ मै वंचित स्वप्न का है ज्ञान
इस हृदय के धड़कनों की तूही अब पहचान
वायु जल सर्वत्र फैला तेरा ही सोपान
वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान ।

मन मयूरा चल पड़ा प्रेमपग उद्यान
खग भी विस्मित देखते हैं कैसी ये उड़ान
जो कल्पनाओं के परे खोजे आसमान
वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान ।

पर नही ये चाह तुझपर आये कोई व्यवधान
हूँ अतः कुछ मौन प्रत्यक्ष तुम मेरे भगवान
बस नयन से नयन की भेंट का है अरमान
वात पत्रों पर लिखा जब मैने सुरीला गान ।

कविराज तरुण

Tuesday, 29 December 2015

हुआ क्या है

उनको चाहा तो जाना खुदा क्या है ।
और वो कहते हैं तुझको हुआ क्या है ।।

ज़र्रे ज़र्रे मे खनक उनके पायल की
ज़ुल्फ़ जैसे झलक हो बादल की
फूल के खिलते यौवन सी उनकी हँसी
दिल का बहकना हो गया लाज़िमी

उनकी खुशियों ने सिखाया दुआ क्या है ।
और वो कहते हैं तुझको हुआ क्या है ।।

बंद पलकों मे काजल छिपा लेने वाले
अपने होंठो से कभी कुछ न कहने वाले
जान के अंजान बनते हो फिदरत तुम्हारी
हूँ ख़्यालो मे गुम है ये सीरत हमारी

अब्र सा ऐहसास है हमने छुआ क्या है ।
और वो कहते हैं तुझको हुआ क्या है ।।

कविराज तरुण

Saturday, 12 December 2015

दहेज़

दुनिया भी गज़ब का बाज़ार है ।
यहाँ हर कोई बिकने को तैयार है ।
जो खरीद नही सकते स्कूटर भी जेब से ...
अपने लड़के के लिए दहेज़ में उन्होंने मांगी कार है ।
दुनिया भी गज़ब का बाज़ार है ।
अपनी इसी किस्मत को रोती हैं बेटियाँ ...
उनका दहेज़ जमा करने के लिए बाप ने छोड़ी है रोटियाँ ...
माँ ने भी सपनो से कबसे किया है किनारा ...
बेटी की शादी के लिए अपना गहना उतारा ...
और भाई भी धन जुटाने में कितना लाचार है ।
ये दुनिया भी गज़ब का बाज़ार है ।
ये प्रलोभन है या लालच या मन की तृष्णा ...
रुक्मणी को बिना दहेज़ नही मिलेगा कृष्णा ...
दूषित समाज मे आज कितना दूषित विचार है ।
दहेजलोभी है जो वो सच मे बीमार है ।
दुनिया भी गज़ब का बाज़ार है ।

कविराज तरुण

Friday, 4 December 2015

दर्द की शायरी

उम्र दो चार दिन की मोहलत मुझे दे दे ,
अभी कुछ आँसुओं का क़र्ज़ मुझको चुकाना है ।

इस मुशगुली मे वक़्त कुछ कम ही रहा ,
अपनों को हँसाना है ग़ैरों को रुलाना है ।

नही तेरे सितम का कोई भी शानी नज़र आया ।
ये कतरा आँख मे भरकर समंदर को हराना है ।

मेरे हमदर्द कहते हैं ज़ख्म भर जायेगा सब मेरा ,
इश्क़ में बेवफाई का चलन सदियों पुराना है ।

कविराज तरुण

Sunday, 15 November 2015

जोड़ता गया

अपने ख्वाबो में एक ख्वाब जोड़ता गया ।
उनके सवालों के जवाब जोड़ता गया ।
मेरा प्यार बेहिसाब था ...
वो हिसाब जोड़ता गया ||

थी रंजिशें बेवज़ह
प्यार का खुमार था ।
वो देखकर न देख पाये
नज़र नज़र मे प्यार था ।
साथ मेरे जो भी पल था
तेरा साथ बेशुमार था ।
वज़ह तलाशता रहा
वो कौनसा गुबार था ।

दिल के लफ़्ज़ों में लिखी मै किताब जोड़ता गया ।
अँधेरे से सिमटी रात मे आफताब जोड़ता गया ।
मेरा प्यार बेहिसाब था ...
वो हिसाब जोड़ता गया ||

कविराज तरुण

Sunday, 1 November 2015

मै पतंग तू माँझा

मै पतंग केशरिया बालम ,
तू माँझे की डोर ।
जितना चाहे खींच ले मुझको ,
मै तेरे मन की ओर ।

आसमाँ की बुलंदी तक उड़ा दे ...
या अर्श पर लाकर मुझको गिरा दे ...
मेरी किस्मत मै ना जानू तू बता दे ...
जो खटकता आँख में उससे लड़ा दे ...

बच गया तो साथ तेरा ,
पा सकूँगा और ।
कट गया तो क्या पता,
जाऊँगा किस ठौर ।

मै पतंग केशरिया बालम , तू माँझे की डोर ।।
जितना चाहे खींच ले मुझको , मै तेरे मन की ओर ।।

हो सकता पास तुम्हारे वापस मै आ जाऊँ ...
गाँठ लगाकर माँझे मे तुमसे जोड़ा मै जाऊँ ...
पर क्या जाने किस झटके से खुल जाएगी ये गाँठ ...
वापस मुझको पाने की तू कबतक जोहेगी बाट ...

किसी दूजी पतंग से मिल जायेगा ,
तेरे माँझे का फिर छोर ।
मै लुटा फटा या लटक गया ,
तू कहाँ करेगी गौर ।

मै पतंग केशरिया बालम , तू माँझे की डोर ।।
जितना चाहे खींच ले मुझको , मै तेरे मन की ओर ।।

कविराज तरुण

Sunday, 25 October 2015

तू मेरी जरुरत है

जरूरी है तेरी हँसी मेरी उमर के लिये
नदिया जरूरी है जैसे समंदर के लिये
बस इतनी इबादत है ...
तू मेरी जरुरत है ।
हाँ तुमसे मोहब्बत है ।।

जरूरी है इन आँखों को तुमसे आराम मिले
सपनो की दुनियां मे तेरा ही नाम मिले
तुमसे ही सब रहमत है ...
तू मेरी जरुरत है ।
हाँ तुमसे मोहब्बत है ।।

ये आशिक़ी ये बेरुख़ी सब तुम्हारे लिये
कबसे खड़े हैं तलहटी में किनारे लिये
तेरे आने की आहट है ...
तू मेरी जरुरत है ।
हाँ तुमसे मोहब्बत है ।।

पहचान है तुझी से अनजान हैं शहर के लिये
खोये यूँ ख़्यालों में अनजान हर पहर के लिये
तू मेरी हक़ीक़त है ...
तू मेरी जरुरत है ।
हाँ तुमसे मोहब्बत है ।।

तमाम उम्र गुजार देते हैं लोग जिस असर के लिये
वो नशा कुछ भी नही तेरी एक नज़र के लिये
इन नज़रो की चाहत है ...
तू मेरी जरुरत है ।
हाँ तुमसे मोहब्बत है ।।

कविराज तरुण

थोड़ा दर्द तो चलता है

थोड़ा दर्द तो चलता है ...
खुशियों के दामन भीगे भीगे से हैं
हम खुश हैं पर संजीदे से हैं
चेहरे पर हँसी गई नही पर
आँखों से अश्क़ टपकता है ...
थोड़ा दर्द तो चलता है ...

वो बोले शाम चुरा कर ला
हाथों पर नूर उठा कर ला
तू ला दे चाँद सितारे ये
सावन में घुले नज़ारे ये
जिनपर मन रोज बहकता है ...
थोड़ा दर्द तो चलता है ...

तुमसे पहले मै गुम था
अब हम हैं तब तुम था
पर चले गए उसे छोड़ के तन्हा
जो तेरे लिए मासुम था
ये दिल को नही जँचता है ...
थोड़ा दर्द तो चलता है ...

बहके दिन थे बहकी रात कई
ज़िंदा है इस दिल में बात कई
तू भूल गया तेरी फिदरत
मेरी यादों मे है तेरा साथ कई
जब यादों का फूल महकता है ...
थोड़ा दर्द तो चलता है ...

कविराज तरुण

Sunday, 18 October 2015

हुनर सीख लिया

दर्द में भी मुस्कुराने का हुनर सीख लिया ,
झूठी उम्मीदों में दिल को बहलाने का हुनर सीख लिया ।
ना गवार सी उनके चले जाने की हर वजह ,
पर दरवाजों से कुंडी हटाने का हुनर सीख लिया ।
उनका ख्वाबों में दस्तक देने का सिलसिला  थमा नही ,
तो हमने आँखों को न सुलाने का हुनर सीख लिया ।
कहते हैं सच्चा प्यार किस्मत वालों को नसीब होता है ,
हमने अपने हाथों से लकीरें मिटाने का हुनर सीख लिया ।

कविराज तरुण